July 8, 2026

निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे की सख्ती, मुख्य नाले में खाद्य सामग्री फेंकने पर ₹25 हजार का जुर्माना

0
सर्वे सर्वे
एक्सपायरी हो चुके फूड पैकेट को नाले में डाला गया था
सुबह निरीक्षण के दौरान स्वयं पकड़ी गई बड़ी लापरवाही, जिम्मेदार प्रतिष्ठान पर तत्काल हुई कार्रवाई
बिलासपुर, 7 जुलाई। सुबह अपने नियमित सफाई निरीक्षण के दौरान निगम कमिश्नर  प्रकाश कुमार सर्वे ने मंगलवार सुबह राजेंद्र नगर क्षेत्र में मुख्य नाले में बड़ी मात्रा में एक्सपायरी हो चुके खाद्य पदार्थों के पैकेट और अन्य कचरा पड़ा हुआ देखा। इससे नाला पूरी तरह अवरुद्ध हो रहा था और जल निकासी प्रभावित होने के साथ-साथ गंदगी फैलने की स्थिति निर्मित हो गई थी। मौके पर ही निगम कमिश्नर सर्वे ने इस गंभीर लापरवाही पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिकारियों को तत्काल जांच कर दोषी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जांच में यह सामने आया कि मुख्य नाले में फेंकी गई एक्सपायरी खाद्य सामग्री प्रिया स्टोर से संबंधित है, जिसके संचालक आर्यन जुनेजा हैं।
ननिगम कमिश्नर के निर्देश पर नगर निगम ने संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई करते हुए ₹25,000 (पच्चीस हजार रुपये) का आर्थिक दंड अधिरोपित किया। साथ ही नाले में फेंके गए समस्त कचरे को तत्काल हटाकर जल निकासी व्यवस्था को सुचारु कराया गया।
इस अवसर पर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने कहा कि शहर के नालों, सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा अथवा व्यावसायिक अपशिष्ट फेंकना किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों एवं प्रतिष्ठानों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने तथा ऐसे मामलों में बिना किसी ढिलाई के दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
नगर निगम ने सभी व्यापारिक प्रतिष्ठानों एवं नागरिकों से अपील की है कि वे खाद्य सामग्री एवं अन्य अपशिष्ट का निर्धारित नियमों के अनुसार ही निस्तारण करें तथा शहर की स्वच्छता बनाए रखने में अपना सहयोग दें। नगर निगम द्वारा स्वच्छता व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध आगे भी अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी। विदित है कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए नगर पालिक निगम आयुक्त श्री प्रकाश कुमार सर्वे लगातार मैदानी निरीक्षण कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *