संगीतमय कार्यक्रम के साथ सड़क सुरक्षा और अपराध जागरूकता का संदेश, खेल एवं कला क्षेत्र की प्रतिभाओं का सम्मान
संगीतमय कार्यक्रम के साथ सड़क सुरक्षा और अपराध जागरूकता का संदेश, खेल एवं कला क्षेत्र की प्रतिभाओं का सम्मान
बिलासपुर/यू मुरली राव
हिंदी फिल्म संगीत के स्वर्णिम दौर के महान पार्श्व गायकों मोहम्मद रफी, किशोर कुमार, लता मंगेशकर, आशा भोसले और मुकेश की अमर स्मृतियों को समर्पित दो दिवसीय संगीतमय कार्यक्रम का आयोजन 30 और 31 जुलाई को बिलासपुर के जल संसाधन (सिंचाई) विभाग के प्रार्थना भवन में शाम 4 बजे से 10.50 तक किया जाएगा। कार्यक्रम में सदाबहार गीतों की प्रस्तुति के साथ-साथ सड़क सुरक्षा और अपराध जागरूकता पर भी विशेष संदेश दिया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम का संचालन छत्तीसगढ़ के फिल्म निर्माता एवं गायक गणेश मेहता के निर्देशन में होगा। आयोजन में पुलिस विभाग के अधिकारी अतिथि के रूप में शामिल होंगे तथा सड़क सुरक्षा और अपराध रोकथाम को लेकर जनजागरूकता का संदेश भी दिया जाएगा।
*संगीत प्रेमियों के लिए यादगार होगी शाम*
दो दिवसीय इस संगीतमय आयोजन में रफी, किशोर, लता, आशा और मुकेश के लोकप्रिय एवं सदाबहार गीतों की प्रस्तुति दी जाएगी। कार्यक्रम में बिलासपुर, रायपुर, कोरबा, भिलाई सहित प्रदेश के विभिन्न शहरों से गायक और संगीत प्रेमी भाग लेंगे।
*सड़क सुरक्षा पर नए गीत का होगा लोकार्पण*
कार्यक्रम की विशेष आकर्षण सड़क सुरक्षा और अपराध जागरूकता पर आधारित एक नए गीत का लोकार्पण भी होगा। इस गीत का लेखन गणेश मेहता ने किया है। आयोजकों का कहना है कि संगीत के माध्यम से समाज में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
प्रतिभाओं का होगा सम्मान
आयोजन के दौरान खेल और कला के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं का सम्मान भी किया जाएगा। कार्यक्रम में शहर के गणमान्य नागरिकों, सांस्कृतिक हस्तियों और विभिन्न क्षेत्रों के विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति प्रस्तावित है।
