आयुर्वेद अपनाएं, स्वस्थ जीवन पाएं… बिलासपुर में दिया गया संदेश.
बिलासपुर में आज आयुर्वेद दिवस के मौके पर शासकीय आयुर्वेदिक कॉलेज की ओर से विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर की प्रथम नागरिक महापौर पूजा विधानी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। वहीं सीसीएफ पांडेय समेत आयुर्वेद से जुड़े अधिकारी और विशेषज्ञ भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का मकसद लोगों को आयुर्वेद से जोड़ना और दैनिक जीवन में इसके उपयोग के प्रति जागरूक करना रहा।महापौर पूजा विधानी ने कहा कि आयुर्वेद हमारी प्राचीन चिकित्सा पद्धति है, जिसे बढ़ावा देने और जन-जन तक पहुंचाने की जरूरत है। उन्होंने लोगों से अपने आसपास उपलब्ध आयुर्वेदिक चीजों को अपनाने और स्वस्थ जीवनशैली बनाने की अपील की। वहीं कॉलेज के प्राचार्य और व्याख्याता प्रशांत ने बताया कि आयुर्वेद को विश्व स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से 23 सितंबर को आयुर्वेद दिवस मनाया जा रहा है। प्रदेशभर में करीब 35 कार्यक्रमों के जरिए 8 से 10 हजार लोगों तक आयुर्वेद का संदेश पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।