August 20, 2026

राजस्व वसूली में लाएं गति, मासिक लक्ष्य तय कर करें कार्य : निगम कमिश्नर

0
निगम

राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक में कमिश्नर ने दिए सख्त निर्देश, जलकर रिकॉर्ड ऑनलाइन करने एवं प्रॉपर्टी आईडी से लिंक करने पर जोर

बिलासपुर, 09 जुलाई 2026/ नगर पालिक निगम बिलासपुर के आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने आज निगम के राजस्व विभाग की विस्तृत समीक्षा बैठक लेकर राजस्व वसूली कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। बैठक में उन्होंने राजस्व विभाग के सभी राजस्व निरीक्षक (आरआई), सहायक राजस्व निरीक्षक (एआरआई) एवं राजस्व अधिकारियों (आरओ) को जोनवार मासिक लक्ष्य निर्धारित कर राजस्व वसूली अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए।
आयुक्त सर्वे ने कहा कि निगम की आय बढ़ाना सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए प्रत्येक जोन अपने-अपने क्षेत्र के अनुरूप मासिक राजस्व वसूली का लक्ष्य निर्धारित कर योजनाबद्ध तरीके से कार्य करे तथा लक्ष्य की नियमित समीक्षा भी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राजस्व वसूली में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी निर्धारित लक्ष्य की पूर्ति के लिए पूरी जिम्मेदारी एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें। बैठक में आयुक्त ने जलकर से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने उन सभी जलकर कनेक्शनों का विवरण लिया जिनका रिकॉर्ड अभी ऑफलाइन है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी ऑफलाइन जलकर अभिलेखों को प्राथमिकता के आधार पर ऑनलाइन किया जाए, जिससे राजस्व प्रबंधन अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बन सके।निगम आयुक्त ने यह भी निर्देश दिए कि जलकर के सभी ऑनलाइन रिकॉर्ड को संबंधित प्रॉपर्टी आईडी से अनिवार्य रूप से लिंक किया जाए। इससे आगामी समय में संपत्ति कर (प्रॉपर्टी टैक्स) के साथ ही जलकर की वसूली भी एकीकृत रूप से की जा सकेगी, जिससे कर संग्रहण व्यवस्था अधिक सरल, व्यवस्थित एवं प्रभावी होगी।
समीक्षा बैठक में विज्ञापन कर से संबंधित राजस्व की भी विस्तार से समीक्षा की गई। शहर में लगे होर्डिंग, यूनिपोल एवं विज्ञापन बोर्डों से प्राप्त होने वाले राजस्व की स्थिति पर चर्चा करते हुए आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को नियमित सर्वे, प्रभावी मॉनिटरिंग एवं नियमानुसार राजस्व वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *