August 20, 2026

आधी रात फरसा लहराकर फैला रहा था दहशत, तखतपुर पुलिस ने दबोचा… सीधे पहुंचा जेल

0

बिलासपुर/तखतपुर। तखतपुर पुलिस ने देर रात त्वरित कार्रवाई करते हुए गांव में धारदार फरसा लहराकर लोगों में दहशत फैलाने वाले एक युवक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, 11 जुलाई 2026 की रात लगभग 11:30 बजे सूचना मिली कि ग्राम नवापारा जरौधा के मुख्य मार्ग पर एक युवक हाथ में धारदार फरसा लेकर लोगों को डरा-धमका रहा है, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल बन गया है। सूचना मिलते ही थाना तखतपुर पुलिस पेट्रोलिंग वाहन और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची।

पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी सतकुमार खाण्डे (25 वर्ष), पिता खोर खाण्डे, निवासी ग्राम नवापारा जरौधा, थाना तखतपुर, जिला बिलासपुर को मौके से पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से धारदार फरसा बरामद किया गया। हथियार रखने संबंधी वैध लाइसेंस प्रस्तुत करने का नोटिस देने पर आरोपी कोई दस्तावेज नहीं दिखा सका।

इसके बाद पुलिस ने फरसा जब्त कर आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अवनीश पासवान के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक गंगाधर कंवर, आरक्षक हरिश यादव, सत्यार्थ शर्मा, कलेश्वर यादव एवं संतोष पोर्ते की सराहनीय भूमिका रही।

तखतपुर पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर लोगों में भरोसा और मजबूत हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *