November 3, 2026

कोरबा में गांजा बेचते आरोपी को पुलिस ने दबोचा, 305 ग्राम गांजा बरामद

0
IMG-20261010-WA0100

अटल आवास राताखार से आरोपी राजू केसरी गिरफ्तार, गांजा सेवन के मामले में भी कार्रवाई; ऑपरेशन बाज के तहत पांच वारंटी पकड़े गए

कोरबा। जिले में नशे के अवैध कारोबार और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए कोरबा पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में थाना कोतवाली पुलिस ने गांजा बिक्री के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 305 ग्राम गांजा बरामद किया है। वहीं, सार्वजनिक स्थान पर गांजा सेवन के एक अन्य मामले में भी वैधानिक कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया। इसके अलावा ऑपरेशन बाज के तहत पांच वारंटियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 10 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि राताखार अटल आवास निवासी राजू केसरी (25 वर्ष), पिता भीम बहादुर केसरी, अवैध रूप से गांजा रखकर उसकी पुड़िया बनाकर बिक्री कर रहा है। सूचना पर थाना कोतवाली पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर आरोपी को गांजा बेचते हुए पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 305 ग्राम गांजा बरामद कर गवाहों के समक्ष जब्त किया गया।

मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 830/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(ए) में कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

गांजा सेवन के मामले में भी कार्रवाई

इसी क्रम में पानी टंकी नर्सरी मोहल्ला, कोरबा निवासी शंकर दास (22 वर्ष), पिता स्वर्गीय रामकुमार, के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, सार्वजनिक स्थान पर गांजा सेवन के मामले में उसके पास से 5 ग्राम गांजा जब्त किया गया। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।

ऑपरेशन बाज के तहत पांच वारंटी गिरफ्तार

कोरबा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन बाज के तहत भी कार्रवाई करते हुए पांच वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की।

कोरबा पुलिस की आमजन से अपील

कोरबा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना, चौकी अथवा डायल-112 पर दें। पुलिस ने आश्वस्त किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम गोपनीय रखा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *