November 29, 2026

गोपाष्टमी पर सिरगिट्टी गोठान में श्रद्धा एवं उल्लास के साथ हुआ गोवंश पूजन गौ सेवा, संरक्षण एवं संवर्धन का लिया संकल्प

0
IMG-20261118-WA0021

बिलासपुर/यु मुरली राव – गोपाष्टमी के पावन पर्व पर श्री सुरभि गौ सेवा संस्थान, बिलासपुर एवं मंगल पाण्डेय उपनगर के संयुक्त तत्वावधान में गौ सेवा गतिविधि के मार्गदर्शन में सिरगिट्टी गोठान में गोपाष्टमी महोत्सव श्रद्धा, भक्ति एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गोवंश का विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर उन्हें उत्तम आहार प्रदान किया गया तथा गौ सेवा एवं संरक्षण का संकल्प लिया गया।कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के बिलासपुर विभाग के माननीय विभाग संघचालक प्रो. डॉ. राजकुमार सचदेव जी का पाथेय प्राप्त हुआ। उन्होंने गोपाष्टमी के धार्मिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गोपाष्टमी का पर्व भगवान श्रीकृष्ण की गौसेवा एवं गोपालन परंपरा का स्मरण कराता है। मान्यता के अनुसार इसी दिन भगवान श्रीकृष्ण ने गोचरण का कार्य प्रारंभ किया था। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति एवं हमारे शास्त्रों में गौ माता को विशेष स्थान प्राप्त है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को गौ सेवा के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझते हुए गोव्रती बनने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।


उन्होंने गो-विज्ञान परीक्षा की प्रासंगिकता बताते हुए कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य नई पीढ़ी को गौ माता की महिमा, भारतीय जीवन दर्शन में गौवंश के महत्व तथा गौ संरक्षण की आवश्यकता से परिचित कराना है। समाज में गौ सेवा के प्रति जागरूकता एवं संवेदनशीलता विकसित करना आज की महत्वपूर्ण आवश्यकता है।कार्यक्रम में गौ माता का धूप, दीप, गंध एवं पुष्प से पूजन किया गया। इसके पश्चात गौ माता की आरती एवं भोग अर्पित कर प्रसाद वितरण किया गया। संस्थान द्वारा गोठान में किए गए निर्माण कार्य का लोकार्पण भी किया गया। आयोजन के दौरान सिरगिट्टी गोठान को एक आदर्श एवं सुव्यवस्थित गो-आश्रय स्थल के रूप में विकसित करने, गोवंश के समुचित संरक्षण, संवर्धन एवं बेहतर देखभाल के संबंध में विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम में मंगल पाण्डेय उपनगर के कार्यवाहक अशोक तिवारी जी ने कहा कि गौ माता की सेवा हेतु अंशदान करना हम सभी का सामाजिक कर्तव्य है। कार्यक्रम में महाराणा प्रताप उपनगर के माननीय कार्यवाहक प्रभाकर रावजी एवं गौ सेवा गतिविधि के विभाग संयोजक परसराम निर्णेजक जी उपस्थित रहे।सिरगिट्टी गोठान को बेहतर एवं आदर्श गो-आश्रय स्थल के रूप में विकसित करने के लिए शासन-प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक प्रयास करने पर भी चर्चा हुई। इसके अंतर्गत गोवंश के लिए बेहतर आवास, स्वच्छता, पेयजल, चारा एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में विमर्श किया गया।कार्यक्रम का समापन गौ सेवा को सामाजिक दायित्व एवं सांस्कृतिक परंपरा के रूप में अपनाने तथा गौ माता के संरक्षण और संवर्धन हेतु निरंतर प्रयास करने के संकल्प के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *