चकरभाठा पुलिस की अड्डेबाजों और नशाखोरी पर कड़ी कार्रवाई, 4 आरोपी जेल भेजे गए
बिलासपुर। थाना चकरभाठा क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अशांति फैलाने वाले, अड्डेबाजी व नशाखोरी में संलिप्त लोगों के खिलाफ पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। थाना क्षेत्र में लगातार निगरानी रखते हुए अशांति फैलाने वाले, मारपीट करने वाले, अड्डेबाजी एवं नशाखोरी करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।
कार्रवाई के दौरान सुरेंद्र यादव (43), निवासी चकरभाठा बस्ती, दिलेेश्वर कुर्रे (21), निवासी सेवार, सागर कुर्रे (21), निवासी सेवार तथा कैलाश कुर्रे (50), निवासी सेवार को प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया। चारों आरोपियों को कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रस्तुत करने के बाद जेल भेज दिया गया।
चकरभाठा पुलिस ने आमजन से अपील की है कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या अपराध की जानकारी मिलने पर तत्काल डायल 112 अथवा थाना चकरभाठा को सूचना दें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।