उरगा पुलिस की दोहरी कार्रवाई: नाबालिग से दुष्कर्म व छेड़छाड़ का आरोपी गिरफ्तार, 8 लीटर महुआ शराब जब्त
कोरबा। थाना उरगा पुलिस ने महिला एवं बाल अपराध तथा अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा है।पहले मामले में नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने और उसके साथ छेड़छाड़ व दुष्कर्म के आरोप में मुकेश यादव (19) निवासी धंवईपुर, थाना कटघोरा को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार 19 सितंबर को नाबालिग स्कूल जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन स्कूल नहीं पहुंची। परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की और बालिका को सकुशल बरामद किया।
बालिका के CWC एवं न्यायालय में दर्ज कथनों के आधार पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म एवं छेड़छाड़ से संबंधित धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट की धाराएं जोड़ी गईं।
आरोपी को 6 अक्टूबर को गिरफ्तार कर विशेष न्यायालय (FTSC) कोरबा में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।वहीं दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने दर्राभाठा पानी टंकी के पास अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब बेच रहे अजीत खुटे (43) निवासी खोडडल को पकड़ा।
उसके कब्जे से करीब 8 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज किया और उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
पुलिस ने कहा कि महिला एवं बाल अपराधों के साथ अवैध शराब और मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
