देवानंद पंत बने सिल्ली मंडल कांग्रेस अध्यक्ष, कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार स्वागत
संगठन को मजबूत करने और गांव-गांव तक पार्टी की गतिविधियां पहुंचाने पर हुई चर्चा
कोरबा – कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत सिल्ली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से देवानंद पंत को सिल्ली मंडल कांग्रेस अध्यक्ष नियुक्त किया गया। उनकी नियुक्ति पर उपस्थित कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने फूलमाला पहनाकर स्वागत किया और नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सत्यनारायण पैकरा के नेतृत्व में आयोजित बैठक में संगठन विस्तार, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और पार्टी की गतिविधियों को गांव-गांव तक पहुंचाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
इस दौरान क्षेत्र की जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने तथा संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने पर जोर दिया गया।
नवनियुक्त मंडल अध्यक्ष देवानंद पंत का स्वागत करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में सिल्ली मंडल में संगठन को नई मजबूती मिलेगी। साथ ही कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा और पार्टी की गतिविधियों को गति मिलेगी।
बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने आगामी दिनों में संगठनात्मक गतिविधियों को अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा आमजन की समस्याओं को लेकर सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर श्याम सलाम, संतोष पोर्ते, दुर्गेश दास, बुजपाल राज, हीरा सिंह, दिलेश्वर दास, हेमंत कश्यप, इंद्रपाल दास, संतोष श्रीवास, मंजीत यादव, छत्रपाल दास, रामजी एक्का, रामखेलावन, सुनील पटेल, पीयूष पंत, जय राम, कमल, घासीराम, घनश्याम, संतोष कुमार, गेंड राम, फूल सिंह पंत, रामनाथ पंत सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
