कोनी पुलिस ने चोरी के तीन मामलों का किया खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार रात में ताला तोड़कर घरों में करते थे चोरी, 4.81 लाख रुपए का माल बरामद; अपचारी बालक किशोर न्यायालय में पेश
बिलासपुर/यु मुरली राव – थाना कोनी पुलिस ने चोरी के तीन अलग-अलग मामलों का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं मामले में शामिल एक विधि से संघर्षरत अपचारी बालक को किशोर न्यायालय, बिलासपुर के समक्ष पेश किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल ₹4,81,488 कीमत का चोरी का मशरूका बरामद किया है।पुलिस के अनुसार, थाना कोनी क्षेत्र में 18 अगस्त, 10 सितंबर और 15 सितंबर 2026 को अलग-अलग स्थानों पर रात के समय घरों का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण, नगदी एवं अन्य सामान चोरी किया गया था। शिकायत के आधार पर थाना कोनी में अपराध क्रमांक 469/2026, 503/2026 एवं 512/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी कोनी जितेंद्र गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थलों एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर एक विधि से संघर्षरत बालक को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपने साथियों राहुल यादव, भीम शंकर वर्मा उर्फ करिया और राकेश कुमार यादव उर्फ भोलू यादव के साथ मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देना बताया।इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने रात के अंधेरे का फायदा उठाकर घरों का ताला तोड़कर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 1 किलो 190 ग्राम चांदी के आभूषण, 12 ग्राम सोने के आभूषण, दो मोटरसाइकिल, एक ओप्पो मोबाइल फोन, ₹6,700 नगद तथा घटना में प्रयुक्त लोहे का सब्बल बरामद किया।गिरफ्तार आरोपियों में राहुल यादव (22), भीम शंकर वर्मा उर्फ करिया (20) और राकेश कुमार यादव उर्फ भोलू यादव (28), सभी निवासी घुटकू, थाना कोनी, बिलासपुर शामिल हैं। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल दाखिल किया गया। वहीं अपचारी बालक को किशोर न्यायालय में पेश किया गया।पुलिस की कार्रवाई से चोरी के तीनों मामलों का खुलासा करते हुए चोरी गए मशरूके की शत-प्रतिशत बरामदगी किए जाने की जानकारी दी गई है।