चकरभाठा ओवरब्रिज के पास बटनदार चाकू लहराकर दहशत फैलाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर/यु मुरली राव – चकरभाठा थाना क्षेत्र में बटनदार चाकू लहराकर आम लोगों को भयभीत करने वाले दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से धारदार नुकीला बटनदार चाकू बरामद कर आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, थाना क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों, अशांति फैलाने वालों, अड्डेबाजों और नशाखोरों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 21 सितंबर 2026 को चकरभाठा पुलिस को सूचना मिली कि चकरभाठा ओवरब्रिज के पास दो युवक धारदार बटनदार चाकू लहराकर लोगों को डरा-धमका रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शनि ध्रुव (23), निवासी विकास नगर चकरभाठा तथा शुभम वर्मा (30), निवासी वर्मा मोहल्ला चकरभाठा को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से धारदार नुकीले बटनदार चाकू बरामद किए गए।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार किया और न्यायालय बिल्हा में पेश किया। न्यायालय के आदेश के बाद दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या अपराध की जानकारी मिलने पर तत्काल डायल 112 अथवा थाना चकरभाठा को सूचना दें।